जयपुर। राजस्थान में 32 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने शुक्रवार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक लेवल वन और टू, सामान्य और विशेष शिक्षा के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन 10 जनवरी से 9 फरवरी तक भरे जाएंगे। अभ्यार्थी को एसएसओ आईडी के माध्यम से विभागीय वेबसाइट http://recruitment.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। एक से अधिक पद की योग्यता या पात्रता होने पर अभ्यार्थी को अलग अलग आवेदन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। गैर अनुसूचित क्षेत्र के विज्ञप्ति पदों के विरूद्ध अनुसूचित क्षेत्र सहित पूरे राजस्थान और प्रदेश के बाहर के अभ्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे और अनुसूचित क्षेत्र के विज्ञप्ति पदों के विरूद्ध केवल राजस्थान के अनुसूचित क्षेत्र के मूल अभ्यार्थी ही आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन जमा करवाने के लिए उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। गलत सूचना देने वाले अभ्यार्थी पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 31 हजार पदों पर भर्ती किए जाने की घोषणा की थी लेकिन प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से कुल 32 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें विशेष शिक्षा के एक हजार पद भी शामिल हैं। वहीं 25 दिसंबर को आयोजित की गई रीट परीक्षा में 15 लाख 98 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे ।