जयपुर। राजस्थान रीट पेपर लीक मामले पर प्रदेश में सियासी हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। सीबीआई जांच की मांग कर रहे सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा बुधवार शाम 5 बजे अचानक एसओजी मुख्यालय पहुंच गए। यहां एसओजी के एडीजी से मुलाकात कर कहा कि 'लो मैं आ गया, अब करो पूछताछ'।
मीणा ने एडीजी अशोक राठौड़ को एक ज्ञापन भी सौंपा जिसमें रीट प्रकरण में उनसे पूछताछ करने की मांग के साथ इस प्रकरण को लेकर कई अन्य तथ्य भी रखे। उन्होंने एक पेन ड्राइव भी एसओजी को सौंप और कहा कि इसमें बहुत से सबूत हैं, उन्हें भी जांच में शामिल किए जाए।
मीणा ने इस मामले में ट्वीट कर लिखा कि '@ashokgehlot51 जी ने कहा था की पेपर लीक का खुलासा करने वालों का पेपर लीक गैंग से क्या संबंध है? इसकी जांच SOG को करनी चाहिए। इस संबंध में आज मैं खुद एसओजी कार्यालय पहुँचा और अति. पुलिस महानिदेशक से मिलकर मेरी जांच करने के लिए कहा लेकिन अशोक राठौड़ जी ने मुझे कहा कि हम आप की जांच नहीं करेंगे, क्योंकि आपका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। मुखिया जी मैं डरने वाला नहीं हूं यदि मुझे प्रदेश के 26 लाख युवाओं के लिए जेल जाना पड़ा तो मैं उसके लिए भी तैयार हूँ। मुखिया जी अब जरा आदेश दे भी दो की SOG बड़े मगरमच्छों पर भी हाथ डाले ... मंत्री, विधायक, डी.पी. जरौली, पराशर के 4 दोस्त, CMO में भी पूछताछ कीजिए। आदेश नही दे सकते तो CBI की अनुशंसा कीजिए।'