जयपुर : रीट पेपर लीक मामले में नित नए खुलासों के बाद में अब अधिकारियों पर लगातार एक के बाद एक गाज गिरना शुरू हो गई है। पेपर लीक मामले में अब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव को भी निलंबित कर दिया गया है। कार्मिक विभाग ने अरविंद कुमार सेंगवा के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं। अब REET पेपर लीक मामले में सेंगवा से भी पूछताछ हो सकती है। इनके अलावा अन्य कई अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।
इससे पहले REET पेपर लीक मामले में देर रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाईलेवल बैठक बुलाकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डीपी जारौली को बर्खास्त करने का फैसला कर लिया है। जारौली की बर्खास्तगी के आदेश आज कभी भी जारी हो जाएंगे और उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। शुक्रवार देर रात बैठक में यह भी फैसला हुआ कि पेपर लीक मामले में जो भी कर्मचारी लिप्त होगा, उसे तत्काल सस्पेंड किया जाएगा। कई कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उधर एसओजी के प्रमुख अशोक राठौड़ लगातार इस मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं और प्रमुख आरोपियों तक पहुंचने की पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
