REET परीक्षा में नकल और पेपर लीक की जांच CBI से कराने की याचिका पर राजस्थान सरकार को नोटिस


जयपुर। राजस्थान में रीट परीक्षा के नाम पर हो रहा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर जहां इस मामले में सियासत गर्म है वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

 

राजस्‍थान अध्‍यापक पात्रता परीक्षा (REET) में नकल और पेपर लीक की जांच को CBI से कराने की याचिका पर राजस्थान हाईकोर्ट ने राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, DGP, प्रारम्भिक शिक्षा के निदेशक, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर के सचिव और SOG के ADG को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। REET पेपर आउट और नकल के मामले में प्रदेश सरकार की ओर से निष्पक्ष जांच नहीं करने को लेकर लगी याचिका पर कोर्ट ने ये नोटिस जारी किए हैं। साथ ही याचिका की कॉपी एएजी और बोर्ड के वकील को भी दिलवाई गई है। राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस इंद्रजीत सिंह की कोर्ट ने मधु कुमारी नागर व अन्य की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए सरकार को ये नोटिस जारी किए हैं।