भारत से रेडी टू ईट उत्पादों का निर्यात पिछले साल की तुलना में 24% बढ़कर 394 मिलियन डॉलर हुआ


नई दिल्ली। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) बास्केट के तहत भारत के पूर्ण रूप से तैयार उपभोक्ता खाद्य उत्पादों जैसे रेडी टू ईट (आरटीई), रेडी टू कुक (आरटीसी) और रेडी टू सर्व (आरटीएस) के निर्यात में पिछले एक दशक में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। भारत से खाने के लिए तैयार (रेडी टू ईट) उत्पादों का निर्यात 2020-21 (अप्रैल-अक्टूबर) की तुलना में 2021-22 (अप्रैल-अक्टूबर) में 24% बढ़कर 394 मिलियन डॉलर हुआ। भारत के पूर्ण रूप से तैयार खाद्य उत्पादों का निर्यात यानी कि रेडी टू ईट (आरटीई), रेडी टू कुक (आरटीसी) और रेडी टू सर्व (आरटीएस) 2020-21 में 2 अरब डॉलर से अधिक था। 2020-21 के आंकड़ों के अनुसार रेडी टू ईट निर्यात के लिए प्रमुख गंतव्य देश अमरीका (18.73%), संयुक्त अरब अमीरात (8.64%), नेपाल (5%), कनाडा (4.77%), श्रीलंका (4.47%), ऑस्ट्रेलिया (4.2%) सूडान (2.95%), ब्रिटेन (2.88%), नाइजीरिया (2.38%) और सिंगापुर (2.01%) हैं।

माना जा रहा है कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने निर्यात बढ़ाने के लिए उत्पादों के मूल्यवर्धन पर जोर दिया है। मुख्य रूप से खाने के लिए तैयार उत्पादों के निर्यात वाली वस्तुओं में बिस्कुट और कन्फेक्शनरी, भारतीय मिठाइयां तथा स्नैक्स एवं नाश्ते के अनाज इसमें शामिल हैं।