आरएएस मुख्य परीक्षा अब 20-21 मार्च को


अजमेर। राजस्थान में RAS मुख्य परीक्षा की नई तारीखें घोषित कर दी गईं हैं। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित आरएएस मुख्य परीक्षा अब 20-21 मार्च को होगी। आरपीएससी ने हाईकोर्ट की खंडपीठ के निर्णय के बाद बुधवार देर रात यह निर्णय किया है।

आयोग के संयुक्त सचिव आशुतोष गुप्ता ने बताया कि खंडपीठ में अपील की गई और सिंगल बेंच के निर्णय पर स्टे दिया गया है। साथ ही आयोग को परीक्षा कराने की छूट दी। बुधवार को ही आरपीएससी ने हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील की थी।

इससे पहले मंगलवार को हाईकोर्ट ने आरएएस-प्री 2021 एग्जाम का परिणाम रद्द कर दिया था। हाईकोर्ट ने 5 विवादित प्रश्नों पर दोबारा से कमेटी बनाने के आदेश दिए थे। बुधवार सुबह आरएएस मुख्य परीक्षा की 25-26 फरवरी को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर करने का निर्णय आरपीएससी में फुल कमीशन की बैठक में किया गया था। बैठक चेयरमैन संजय कुमार श्रोत्रिय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आयोग के समस्त सदस्य, संयुक्त सचिव आशुतोष गुप्ता एवं विधि परामर्शी भंवर भदाला उपस्थित रहे थे। बैठक में परीक्षा के सफल संचालन के भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।