सीकर। किसान नेता राकेश टिकैत ने सीकर में आयोजित किसान महापंचायत में कहा कि सरकार यदि तीनों कृषि कानून वापस नहीं लेगी तो 40 लाख किसान ट्रेक्टर और हल लेकर संसद पहुंचेंगे। जहां संसद के का घेराव कर वहां पार्क में हल चलाकर गेहूं की बुआई करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान संयुक्त मोर्चा जल्द ही इसकी तारीख तय करेगा। टिकट ने केंद्र सरकार द्वारा तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लिए जाने पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला और 'हल चलाने वाला हाथ नहीं जोड़ेगा' का नारा दिया। साथ ही किसानों से दिल्ली आंदोलन में पहुंचने की अपील भी की। इस महापंचायत में किसान नेता योगेन्द्र यादव ने कृषि कानूनों की खामियां गिनाते हुए इसके खिलाफ किसानों को एकजुट हो संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। किसान नेता अमराराम, युद्धवीर सिंह तथा राजाराम मील ने केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में दिल्ली बॉर्डर पहुंचकर आंदोलन में हिस्सा लेने की अपील की। और कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक तीनों कृषि कानून सरकार वापस नहीं लेगी। महापंचायत में जिलेभर से हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए।