जयपुर। राजस्थान में कोरोना संक्रमण की दूसरी वेव पहली वेव से भी ज्यादा खतरनाक हो चुकी है। आलम यह है कि कोरोना के नए मामले आए दिन एक नया रिकॉर्ड स्थापित कर रहे हैं। शनिवार को पहली बार 24 घंटे में 4401 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए जो कि अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इतना ही नहीं 24 घंटे में 18 लोगों की जान गई।
जयपुर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर में 500 से ज्यादा केस सामने आए। प्रदेश में इन चार जिलों में ही 54 फीसदी मरीज मिले हैं। यानी यह कोरोना के गढ़ बन चुके हैं।
राजस्थान में बीते 10 दिन के अंदर कोरोना की रफ्तार 3 गुना तक बढ़ गई है। 1 अप्रैल को 1350 केस मिले थे, जो अब 4 हजार के पार हो गए। प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 7.85 प्रतिशत पहुंच गई। यानी हर 100 में से 7 से ज्यादा लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से जिन शहरों में हालात बेकाबू हो रहे हैं, उनमें जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, राजसमंद, भीलवाड़ा और डूंगरपुर शामिल हैं।
शनिवार को सबसे ज्यादा 657 संक्रमित मामले जयपुर में मिले हैं। इसके बाद जोधपुर और कोटा में 599-599, उदयपुर में 527 और भीलवाड़ा में 258 कोरोना के मामले मिले हैं। इनके अलावा झालावाड़, अजमेर, अलवर, धौलपुर, डूंगरपुर और राजसमंद ऐसे जिले है, जहां पॉजिटिव की संख्या 100 से अधिक हैं।
उधर लगातार बढ़ते मामलों पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिंता जाहिर की। और कहा कि 'हम सबके लिए यह चिंता का विषय होना चाहिए कि आज प्रदेश में कोविड के अभी तक के सर्वाधिक 4401 मामले सामने आए हैं। कोविड की इस गंभीरता को आम लोग अभी भी नहीं समझ रहे हैं। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि कोविड प्रोटोकॉल यानी मास्क, सोशल डिस्टैंसिंग और हाथ धोना ही आपको इस बीमारी से बचा सकता है।'
सीएम ने कहा कि 'कोरोना की इस नई लहर में सामने आया है कि कई बार संक्रमित व्यक्ति का RT-PCR टेस्ट निगेटिव आता है जबकि असल में व्यक्ति कोविड पॉजिटिव होता है। इसलिए यदि खांसी, जुकाम, बुखार जैसे लक्षण दिखें एवं RT-PCR रिपोर्ट निगेटिव आए तो डॉक्टर की सलाह लेकर डी-डाइमर टेस्ट एवं सीटी स्कैन भी करवाएं।'
CM बोले कि 'एक्सपर्ट्स की राय में कोविड की दूसरी वेव पहली वेव से अधिक खतरनाक है। सितंबर-अक्टूबर 2020 में जब पहली वेव का संक्रमण सर्वाधिक (पीक पर) था तब जितने संक्रमित मामले और मृत्यु प्रतिदिन हुईं थी उससे अधिक प्रतिदिन पॉजिटिव मामले और मृत्यु अप्रेल के पहले 10 दिनों में हो चुके हैं।'