राजस्थान के रिटायर DG नवदीप सिंह गिरफ्तार, जानें वजह


जयपुर। कभी पूरे राजस्थान पुलिस महकमे को निर्देशित करने वाले राजस्थान के डीजी रहे नवदीप सिंह खुद हवालात के चक्कर में पड़ गए। ऐसा राजस्थान पुलिस के इतिहास में पहली बार हुआ है जब एक रिटायर्ड DG को पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। रिटायर्ड DG नवदीप सिंह को वैशाली नगर थाना पुलिस ने रिश्तेदार के घर में जबरन घुसने के आरोपी में रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस को नवदीप सिंह के ही रिश्तेदारों ने ही फ़ोन कर बुलाया था। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि पुलिस पूर्व DG नवदीप सिंह को देखकर एक बार बैकफुट पर नजर आई लेकिन पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव से मिले निर्देशों के बाद यह गिरफ्तारी हुई। SHO वैशाली नगर हीरालाल सैनी ने DCP वेस्ट रिचा तोमर से बात कर पूर्व DG को गिरफ्तार किया।

बता दें कि यह पारिवारिक जमीन विवाद का मामला है। पूर्व DG नवदीप सिंह के खिलाफ संपत्ति विवाद में फार्म हाउस में गुंडों के साथ जबरन घुसने का मामला दर्ज कराया गया था। आरोप लगाया गया था कि नवदीप सिंह और उनकी पत्नी परम नवदीप सिंह हरियाणा के 20 से ज्यादा ​हथियारबंद बदमाशों के साथ फार्म हाउस में जबरन घुसी। बदमाशों ने फार्म हाउस के तारों को काटा और गेट को धक्का मारकर तोड़ दिया। सुरजीत फार्म हाउस के मालिक मुख्तियार सिंह सिद्धू का आरोप है कि उनकी बड़ी बहन परम नवदीप सिंह और जीजा रिटायर्ड IPS नवदीप सिंह से वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। और आए दिन वो ऐसे ही धमकाते रहते हैं।