मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और निर्विवाद आईएएस कुलदीप रांका से आखिर क्यों खफा हुए राजस्थान के मंत्री अशोक चांदना, ट्वीट से मचा हड़कंप


जयपुर. राजस्थान के खेल एवं युवा मामलात, सूचना एवं जनसम्पर्क राज्य मंत्री अशोक चांदना ने अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रमुख शासन सचिव सीनियर आईएएस कुलदीप रांका के खिलाफ ट्वीट कर दिया है। हालांकि कुलदीप रांका ब्यूरोक्रेसी के एक निर्विवाद अफसर के रूप में जाने जाते हैं जिनको विवाद सुलझाने वाले अफसर के रूप में जाना जाता है ना कि विवाद बढाने वाले अफसर के रूप में। लेकिन जिस तरह से मंत्री अशोक चांदना ने यह ट्वीट किया है उसके बाद इसके पीछे के विवाद की कहानी सब ढूंढते नजर आ रहे हैं। कई लोगों का यह भी मानना है कि इस्तीफे की पेशकश और कुलदीप रांका पर सीधी टिप्पणी कर वो सरकार को शायद कोई मैसेज देना चाह रहे हों. यही कारण है कि कुछ लोग इस ट्वीट के खिलाफ भी लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। कुछ लोग इसे भविष्य के किसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर भी देख रहें हैं। 

'मंत्री अशोक चांदना ने ट्वीट कर लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री जी मेरा आपसे व्यक्तिगत अनुरोध है कि मुझे इस जलालत भरे मंत्री पद से मुक्त कर मेरे सभी विभागों का चार्ज श्री कुलदीप रांका जी को दे दिया जाए, क्योंकि वैसे भी वो ही सभी विभागों के मंत्री हैं। धन्यवाद'

हालांकि कुछ चांदना के करीबीयों का मानना है कि सूचना एवं जनसम्पर्क राज्य मंत्री होने के बावजूद उनकी इस विभाग में एक नहीं सुनी जा रही, जब​कि विभाग से जुड़े कई मामले और काम उनके पास आते हैं लेकिन वो किसी भी तरह से अधिकारियों को निर्देश देने की स्थिति में नहीं हैं. उनके पास जो अन्य विभाग हैं उनके फैसले लेने में भी उनको परेशानी आ रही है जिससे वो काफी घुटन महसूस कर रहे हैं. हालांकि वास्तविक कारण क्या हैं इसकी पड़ताल या खुद चांदना के बयान के बाद ही स्थिति ​स्पष्ट हो सकती है.