राजस्थान आवासन मंडल ने रिकॉर्ड राजस्व अर्जित करके चौंकाया, मजबूत इच्छाशक्ति हो तो क्या नहीं हो सकता: CM अशोक गहलोत


जयपुर। राजस्थान सरकार के तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति हो तो क्या नहीं हो सकता। जिस आवासन मंडल को बंद किया जा रहा था, उसे न केवल हमने रिवायव किया बल्कि उसने बड़े प्रोजेक्टों का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन कर एक मिशाल पेश की है। 

उन्होंने कहा कि राजस्थान आवासन मंडल ने अधिशेष आवासों के निस्तारण के साथ सभी श्रेणियों के लोगों के लिए नए आवासों का निर्माण कार्य भी किया है। आवासन मंडल ने रिकॉर्ड राजस्व अर्जित करके भी चौंकाया है। इसके साथ ही विधायक आवास परियोजना जैसा महत्वपूर्ण कार्य भी राजस्थान आवासन मंडल द्वारा क्रियान्वित करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा को आवासन मंडल की उपलब्धियों के लिए बधाई भी दी। 

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि राजस्थान आवासन मंडल ने लीक से हटकर काम किए हैं। जिन कामों की उम्मीद आवासन मंडल से कोई नहीं कर सकता था, वो काम आवासन मंडल ने अपने हाथ में लिए हैं। उन्होंने कहा कि कोचिंग हब और सिटी पार्क जैसे महत्वाकांक्षी जनउपयोगी प्रोजेक्टों के साथ चौपाटियों का निर्माण भी मंडल द्वारा करवाया गया है। इसके साथ ही मंडल द्वारा अपनी परम्परागत छवि को तोड़ते हुए अपनी गुणवत्ता में बहुत सुधार किया है। इसके साथ ही मंडल द्वारा छोटे शहरों में आवासीय योजनाएं लाकर आम लोगों के घर के सपने को साकार करने का काम किया है। 

विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आवासन मंडल इस समय उत्कर्ष पर है। जहां मंडल विधायकों के लिए, आईएएस अधिकारियों के लिए आवास बना रहा है वहीं मंडल द्वारा गरीबों के लिए भी आवास बनाने का काम किया जा रहा है। इससे बड़ी बात कोई नहीं हो सकती थी, जिस संस्थान को बंद किया जा रहा था, वह सभी का चहेता बन गया है। 

इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर आवासन मंडल को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना और आयुक्त को उपस्थित मंत्रीपरिषद् के सदस्य और उच्चाधिकारियों ने बधाई दी। 

आवासन मंडल की स्टॉल का अवलोकन
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को जवाहर कला केन्द्र में राज्य सरकार के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी ‘आपका विश्वास-हमारा प्रयास‘ के शुभारम्भ के दौरान राजस्थान आवासन मंडल की स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने मंडल की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जाहिर की। इस अवसर पर आयुक्त पवन अरोड़ा ने उन्हें यहां प्रदर्शित मंडल की उपलब्धियों/योजनाओं और प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान आवासन मंडल की उपलब्धियों पर आधारित फोल्डर का विमोचन भी किया। इस दौरान उनके साथ नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल व नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा भी उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री ने विधायक आवास परियोजना और कोचिंग हब परियोजना की वर्तमान प्रगति, कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब की डिजाइन और इस परियोजना की क्रियान्विति के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री आवासन मंडल की उपलब्धियों से बेहद खुश दिखे और उन्होंने मंडल टीम को इन उपलब्धियों के लिए बधाई दी।

आवासन मंडल की स्टॉल का कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, जलदाय मंत्री महेश जोशी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुभाष गर्ग ने अवलोकन किया। इन सभी ने आयुक्त को मंडल की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए बधाई दी। इसके साथ ही मुख्य सचिव निरंजन आर्य, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल, सुधांशु पंत, पीके गोयल, मुख्यमंत्री के प्रमुख शासन सचिव कुलदीप रांका ने भी स्टॉल को विजिट किया और मंडल की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जाहिर की।