राजस्थान आवासन मण्डल की फिर बल्ले-बल्ले, 24 घंटों में 200 सम्पत्तियां बेचकर करोड़ों का राजस्व अर्जित किया


जयपुर. कभी अपनी सम्पत्तियां बेचने के लिए जो राजस्थान आवासन मण्डल पस्त नजर आता था और प्राइवेट बिल्डर्स, डवलपर्स के आगे कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते आय अर्जित नहीं कर पा रहा था, उस आवासन मण्डल के आजकल अच्छे दिन चल रहे हैं. बुधवार नीलामी उत्सव ई-बिड सबमिशन योजना में इस बार भी मण्डल की सम्पत्तियां खरीदने का लोगों में उत्साह बरकरार रहा. इस बुधवार को 200 सम्पत्तियां बिकीं जिससे मण्डल को 44 करोड़ 41 लाख रूपये का राजस्व मिला. इस तरह इस बुधवार को मण्डल ने दोहरा शतक बनाया.

आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि इंदिरा गांधी नगर में एक ही दिन में 52 आवास बिके, जिससे 28 करोड़ 55 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ.इन मकानों को खरीदने के लिये लोगों में होड मची रही और 300 लोगों ने ई-बिड सबमिशन योजना में भाग लिया. 
जयपुर वृत्त प्रथम और तृतीय में 124 आवास बेचकर 35 करोड़ 25 लाख रूपये का राजस्व
प्राप्त किया गया.