खुद के खर्चे पर यूक्रेन से भारत लौटने वाले राजस्थान के विद्यार्थियों के हवाई किराए की राशि का पुनर्भरण करेगी राज्य सरकार


जयपुर। रूस और यूक्रेन वॉर के बीच में राजस्थान सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला किया है। इस फैसले से यूक्रेन से भारत लौटने वाले विद्यार्थियों के किराए का पुनर्भरण राजस्थान सरकार द्वारा किया जाएगा। रूस-यूक्रेन युद्ध का सीधा असर भारत के उन विद्यार्थियों पर भी पड़ा है, जो यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे थे। उनकी पढ़ाई पूरी तरह बंद है, जिसकी वजह से विद्यार्थी और उनके अभिभावक पसोपेश में हैं। मगर राजस्थान सरकार ने बड़ा फैसला किया है। यूक्रेन से भारत लौटे राजस्थानी विद्यार्थियों को हवाई किराए का पुनर्भरण राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस पर सहमति प्रदान की है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लिए गए इस निर्णय के बाद 1 फरवरी, 2022 से 14 फरवरी, 2022 तक खुद के खर्चे पर यूक्रेन से भारत लौटने वाले राजस्थान के विद्यार्थियों के हवाई किराए की राशि का पुनर्भरण किया जाएगा।

वित्त विभाग द्वारा 50 लाख रुपए की सहमति पूर्व में ही प्रदान कर दी गई थी। इस राशि का पुनर्भरण मुख्य आवासीय आयुक्त, बीकानेर हाउस, नई दिल्ली के माध्यम से किया जाएगा। आपको बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध के खतरे को भांपते हुए अनेक विद्यार्थी भारत सरकार की एडवाइजरी जारी होने से पूर्व ही भारत लौट आए थे। इन विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर अभी केंद्र के स्तर पर फैसला लिया जाना बाकी है। मगर राज्य सरकार ने हवाई किराए का पुनर्भरण करके इन विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है और लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।