राजस्थान सरकार महिलाओं को उपलब्ध कराएगी फ्री सेनेटरी नेपकिन


जयपुर. महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा और सुरक्षा के लिहाज से राजस्थान सरकार (Rajasthan Government) ने बड़ा फैसला किया है. खासकर गरीब और कमजोर तबके की उन महिलाओं के लिए जो आर्थिक तंगी के चलते सेनेटरी नेपकिन का इस्तेमाल नहीं कर पाती थी.  सरकार ने अब छात्राओं और किशोरियों की तर्ज पर उनको भी फ्री सेनेटरी नेपकिन (Sanitary napkins) उपलब्ध कराने की राजस्थान के बजट में घोषणा की है. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने इसके लिए 200 करोड़ रूपए का बजट भी उपलब्ध कराने की घोषणा की है. यह सुविधा निशुल्क दवा योजना के तहत उपलब्ध करवाई जाएगी. विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां घूंघट प्रथा भी है और संकोचवश महिलाएं ऐसी समस्या के बारे में किसी को कह नहीं पातीं और इससे कई रोगों से ग्रसित हो जाती हैं. और तो और इन महिलाओं को समय पर इलाज भी उपलब्ध नहीं हो पाता. ऐसे में स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाकर सेनेटरी नेपकिन का वितरण किया जाएगा. गरीब और आर्थिक रूप से पिछड़ी महिलाओं को भी अभियान के तहत जागरूक कर निशुल्क सेनेटरी नेपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने इस जागरूकता अभियान में अच्छी भूमिका निभाने वालों को सम्मा​नित करने का भी फैसला किया है. और उन्हें प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा.