जयपुर। राजस्थान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक वृद्धजन माह का आयोजन किया जायेगा। प्रदेशभर में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 अक्टूबर से वृद्धजनों की देखभाल, स्वास्थ्य जांच, परामर्श, वृद्धजनों की चिकित्सा के लिए चिकित्साकार्मिकों को प्रशिक्षण सहित सामाजिक जनचेतना की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. के.के.शर्मा ने बताया कि 1 अक्टूबर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में वृद्धजनों के लिए कार्यशालाओं, सेमिनार, सोशल मीडिया केम्पेन, मानसिक व शारीरिक रोगों की जांच के फ्री चैकअप गतिविधियां क्रियान्वित की जायेंगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि वृद्धजन माह के दौरान जिला चिकित्सालयों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के चिकित्सा केन्द्रों में सीनीयर सिटीजन को स्वास्थ्य जांच, उपचार, परामर्श एवं दवा वितरण की निःशुल्क सेवाओं के लिए शिविर आयोजित किये जायेंगे। जटिल बीमारियों से ग्रसित मरीजों को उच्च चिकित्सालयों में रैफर कर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवायी जायेंगी। उन्होंने बताया कि राजकीय चिकित्सालयों में सीनीयर सिटीजन के लिए विशेषरूप से जिरीयाटिक क्लिनिक संचालित हैं जहां नियमित रूप से निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि आज भागदौड़ की जिंदगी में युवाओं में भी अनेक बीमारियां होने की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया पौष्टिक व संतुलित भोजन, भरपूर नींद, सूर्याेदय पूर्व उठना, प्रातकाल भ्रमण, नियमित व्यायाम एवं तनाव मुक्त जीवन स्वस्थ जीवन की कुंजी हैं, इन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाकर युवावस्था के साथ-साथ वृद्धावस्था में स्वस्थ जीवन प्राप्त किया जा सकता है।