राजस्थान सरकार का दावा, जन घोषणा पत्र के 64 प्रतिशत वादे क्रियान्वित


जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया है कि उनके द्वारा चुनावों से पहले जन घोषणा पत्र में किए गए वादों में 64 फीसदी क्रियान्वित किए जा चुके हैं।

शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य मंत्रिपरिषद् के सदस्यों तथा घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन ताम्रध्वज साहू एवं सांसद अमर सिंह के साथ जन घोषणा पत्र की समीक्षा बैठक में उन्होंने यह बात कही। गहलोत ने कहा कि जन घोषणा पत्र के 501 वादों में से 321 अर्थात 64 प्रतिशत को क्रियान्वित कर दिया गया है। इसके साथ ही 138 वादे प्रगतिरत हैं। केबिनेट सब-कमेटी जन घोषणा पत्र के क्रियान्वयन की सतत मॉनिटरिंग कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आमजन को संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सुशासन देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। जन घोषणा पत्र के वादों को शीघ्रता के साथ पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे है। जिन वादों में प्रगति प्रारंभिक स्तर पर है उनमें तेजी लाई जा रही है। 

गहलोत ने बैठक में बताया कि किसानों, महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों, पशुपालकों, जरूरतमंद वर्गों तथा मूलभूत सुविधाओं से जुड़े हुए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। जन घोषणा पत्र राज्य सरकार का नीतिगत दस्तावेज होने के साथ ही प्रदेश के विकास को गति देने का विजन डॉक्यूमेंट है। इसके प्रत्येक बिंदु का समयबद्ध क्रियान्वयन हम सबकी वचनबद्धता है। इसके माध्यम से गांव-गरीब और किसान के दुख-दर्द और तकलीफों को दूर करने के साथ ही नए राजस्थान की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है।

बैठक में राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित उपलब्धियों एवं जन घोषणा पत्र की क्रियान्विति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जन घोषणा पत्र के वादों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

बैठक में ताम्रध्वज साहू ने मुख्यमंत्री गहलोत के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं जन घोषणा पत्र के वादों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस गति से घोषणा पत्र के वादों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, वह सराहनीय है। इससे न केवल समाज के सभी वर्गों को राहत मिलेगी, बल्कि राजस्थान का समग्र विकास भी समय हो सकेगा। उन्होंने कोविड के दौरान प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सभी के सहयोग से उठाए गए कदमों और सफलतापूर्वक किए गए कोविड प्रबंधन को भी सराहा।

डॉ. अमर सिंह कहा कि गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए राजस्थान सरकार द्वारा चलाए गए कार्यक्रम एवं योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया।