जयपुर. साइबर क्राइम करने वालों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब राजस्थान पुलिस के डीजीपी एमएल लाठर की ही ई मेल आईडी हैक कर ली गई. और दुस्साहस इतना कि हैक करने के बाद डीजीपी की सरकारी मेल आईडी से यूपी पुलिस को आतंकी हमले को अलर्ट भी भेज दिया गया. जिसके बाद डीजीपी खुद हेरत में हैं.
हालांकि जैसे ही ईमेल आईडी हैक (DGP Email ID Hacked) होने की बात पता चली तो प्रशासन अलर्ट हो गया. राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) के एक्पर्ट अधिकारियों ने 13 अगस्त की रात हैक हुए इस ईमेल आईडी को रिकवर भी कर लिया. लेकिन आरोपी अभी कहां है, कौन है यह पता नहीं चल पाया.
मामले की जानकारी तक सामने आई जब यूपी पुलिस को 13 अगस्त को राजस्थान डीजीपी के ईमेल आईडी से एक मैसेज मिला, जिसमें अलर्ट के ज़रिये कहा कि सेना की वर्दी में आतंकी यूपी, राजस्थान की सीमा पर मौजूद हैं, अलर्ट रहने की जरुरत है. जिसके बाद यूपी पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए. और आनन फानन में मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस से संपर्क किया गया. जब हुआ तो पता चला कि राजस्थान डीजीपी की ओर से ऐसा कोई अलर्ट ही जारी नहीं किया गया. डीजीपी को खुद इस मामले की जानकारी यूपी पुलिस की ओर से आए कॉल के बाद मिली.
उधर पुलिस मुख्यालय की साइबर टीम अब उस शरारती तत्व का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिसने ऐसा किया. आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.