राजस्थान में कोरोना का कहर, हर घंटे करीब 254 तो हर मिनट मिल रहे 4 से 5 संक्रमित, हर 12 घंटे में एक मौत


जयपुर. राजस्थान में कोरोना का कहर लगातार बढता जा रहा है. एक ही सप्ताह में कोरोना ने प्रदेश में दूसरी लहर की तर्ज पर तेजी पकड़ ली है. पिछले चौबीस घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजस्थान में हर घंटे जहां करीब 254 तो हर मिनट 4 से 5 संक्रमित मिले. वहीं 24 घंटों में 2 लोगों की मौत भी हो गई.

राज्य में सोमवार को 6095 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। जयपुर में सर्वाधिक कोरोना रोगी मिलने का क्रम जारी है तथा वहां दो कोरोना रोगियों की मौत भी हुई है। चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जयपुर में 2749 नए पॉजिटिव मिले।
इसके अलावा उदयपुर में 324, कोटा में 325, सीकर में 173, जोधपुर में 601, चित्तौड़गढ़ में 180, बीकानेर में 201, बाड़मेर में 234, अलवर में 375, अजमेर में 128 व भीलवाड़ा में 95 नए केस सामने आए। राज्य में एक्टिव केस 25हजार 88 हो गए हैं।

उधर राजस्थान में कोरोना की जांच RTPCR टेस्ट के बाद अब सरकार ने रेपिड एंटीजन टेस्ट (RAT) की कीमतों को भी निर्धारित किया है। राजस्थान में अब किसी भी जगह एंटीजन टेस्ट करवाने पर 50 रुपए से ज्यादा की राशि वसूल नहीं की जाएगी. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान ने दर निर्धारित की है. राज्य में अभी आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सरकार ने 350 रुपए दरों का निर्धारण किया हुआ है. राजस्थान में कोरोना की दूसरी लहर जब आई थी उससे पहले तक सूबे की गहलोत सरकार केवल आरटीपीसीआर टेस्ट को ही अधिकृत रिपोर्ट मानती थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में जब केस तेजी से आने लगे और टेस्टिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया तब एंटीजन टेस्ट को मंजूरी दी गई थी.