राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने की डॉक्टर्स से हड़ताल खत्म करने की अपील


जयपुर। राइट टू हेल्थ के विरोध में राजस्थान में चिकित्सकों की हड़ताल लगातार जारी है। एक तरफ जहां चिकित्सक झुकने को तैयार नहीं है वहीं दूसरी ओर सरकार ने भी कड़ा रुख अख्तियार कर रखा है लेकिन इस बीच एक बड़ी खबर आई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हड़ताल को गंभीरता से लेते हुए सभी डॉक्टर से हड़ताल तुरंत समाप्त करने की बात कही है। RTH को लेकर डॉक्टरों की हड़ताल पर सीएम ने दिल्ली में आलाकमान से भी चर्चा की और उसके बाद जयपुर लौट आए। जयपुर लौटते ही चिकित्सा मंत्री व उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसके साथ ही मुख्य सचिव को डॉक्टरों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम ने डॉक्टरों से हड़ताल खत्म कर काम पर लौटेने की अपील भी की। CM ने कहा कि राइट टू हेल्थ में डॉक्टरों के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। डॉक्टरों की मांगों को मानकर ही RTH बिल लाया गया है। ऐसे में डॉक्टरों का हड़ताल पर जाना उचित नहीं है। CM बोले कि पक्ष-विपक्ष ने सर्वसम्मति से RTH बिल पास किया है।