राजस्थान विधानसभा में रीट भर्ती धांधली की CBI जांच की मांग पर हंगामा, किसी ने काली पट्टी बांधकर तो किसी ने वॉक आउट कर जताया विरोध


जयपुर। राजस्थान विधानसभा के पहले ही दिन REET पेपर लीक मामले में जमकर हंगामा हुआ। जैसा कि विपक्ष ने पहले ही इस बात पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रखी थी उसी के मुताबिक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सदन में हंगामा देखने को मिला। राज्यपाल अभिभाषण के दौरान भाजपा विधायकों ने रीट भर्ती धांधली की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सदन में तख्तियां लहराई और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। रीट सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा विधायक हाथ पर काली पट्टी बांधकर सदन में पहुंचे थे। इसी तरह आरएलपी के तीनों विधायक नारायण बेनीवाल, पुखराज और इंदिरा देवी भी रीट की सीबीआई जांच की मांग को लेकर वेल में आ गए और बाद में राज्यपाल के अभिभाषण का वॉकआउट कर सदन से चले गए और अपनी नाराजगी जताई। राज्य विधानसभा में जैसे ही राज्यपाल अभिभाषण के लिए विपक्षी सदस्यों ने रीट को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाजपा रामप्रसाद कासनिया, गुरुदीप सिंह व धर्मेंद्र मोची तो रीट और बेरोजगारों को लेकर नारे लिखे चोले पहनकर आए थे। अभिभाषण के दौरान राज्यपाल कलराज मिश्र ने विरोध कर रहे भाजपा विधायकों से अपनी सीटों पर बैठने का आग्रह किया। राज्यपाल ने कहा कि आप बैठ जांएगे तो बेहतर रहेगा। राज्यपाल के आग्रह के बाद भी भाजपा विधायकों ने विरोध जारी रखा। पूरे राज्यपाल अभिभाषण के दौरान प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर सतीश पूनिया और उप नेता राजेंद्र राठौड़ सहित भाजपा विधायक अभिभाषण समाप्त होने तक तक के हाथ में लेकर अपने स्थानों पर खड़े होकर विरोध जताया।