राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी, विधायकों ने अब तक 3067 से ज्यादा सवाल लगाए


जयपुर. केन्द्र सरकार के आम बजट के बाद अब राजस्थान सरकार अपना बजट पेश करने जा रही है. 10 फरवरी से राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र की शुरूआत होने जा रही है. वित्त विभाग के अधिकारियों ने अधिकतर बजट प्रस्तावों को करीब करीब फाइनल टच दे दिया है. विभिन्न संगठनों, एनजीओ, उद्यमियों, विशेषज्ञों, विभागों और उनके मंत्रियों अधिकारियों से राम मशवरे के बाद बजट को बेहतर बनाने की कवायद की जा रही है. लेकिन इस बीच राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार रहने के भी पूरे आसार हैं. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 8 फरवरी की दोपहर तक राजस्थान विधानसभा में विधयकों द्वारा अब तक 3067 सवाल लगाए जा चुके हैं. जिनमें विधायकों द्वारा लगाए गए तारांकित और अतारांकित दोनों तरह के सवाल शामिल हैं. कई विधायक तो ऐसे हैं जिन्होंने एक एक विधायक ने ही कई विभागों से जुड़े सवाल लगाए हैं. सबसे ज्यादा सवाल शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गृह विभाग, 
कृषि, पंचायती राज, स्वायत्त शासन विभाग, उर्जा, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग आदि से जुड़े हुए हैं. राजस्थान में अपराध से जुड़े मामलों पर राजस्थान सरकार को घेरने के लिहाज से भी कई गृह  विभाग से जुड़े सवाल ना केवल बीजेपी,र निर्दलीय विधायकों ने लगाए हैं बल्कि कांग्रेस विधायकोें ने भी कानून व्यवस्था से जुड़े प्रश्न विधानसभा में उठाने की तैयारी की है.