राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो ने गुजरात पुलिस के दो हैड कांस्टेबल 1 लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए


जयपुर। राजस्थान एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर स्पेशल यूनिट, उदयपुर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये महेश भाई चौधरी हैड कानिस्टेबल एवं भरत भाई पटेल हैड कानिस्टेबल पुलिस थाना रखियाल, जिला गांधीनगर, गुजरात को परिवादी से 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की स्पेशल यूनिट, उदयपुर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि पुलिस थाना रखियाल, जिला गांधीनगर, गुजरात पर दर्ज प्रकरण में परिवादी का नाम हटाने की एवज में महेश भाई चैधरी हैड कानिस्टेबल एवं भरत भाई पटेल हैड कानिस्टेबल पुलिस थाना रखियाल, जिला गांधीनगर, गुजरात द्वारा परिवादी से 2 लाख रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी, उदयपुर के उपमहानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र प्रसाद गोयल के सुपरवीजन में एसीबी स्पेशल यूनिट, उदयपुर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर पुलिस निरीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुये हैड कांस्टेबल महेश भाई चौधरी एवं भरत भाई पटेल को परिवादी से 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।