IRS अधिकारी शशांक यादव मिठाई के डिब्बों में छुपाकर ले जा रहा था रिश्वत, राजस्थान एसीबी ने 16 लाख 32 हजार रुपए के साथ पकड़ा


कोटा. राजस्थान भ्रष्ट्राचार निरोध ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आईआरएस अधिकारी शशांक यादव को मिठाई के डिब्बों में 16 लाख 32 हजार रुपए की रिश्वत की राशि छुपाकर ले जाते हुए धर दबोचा. कोटा जिले में ACB टीम ने यह कार्रवाई की. कार्रवाई कोटा के हैंगिंग ​ब्रिज  पर आकस्मिक चैकिंग कर की गई. जहां आईआरएस की स्कॉर्पियों कार पर पुलिस का लोगों और लाल नीली बत्ती लगी मिली.   

एसीबी के डीजी बीएल सोनी के मुताबिक शशांक यादव उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में अफीम फैक्ट्री का महाप्रबंधक है और उसके पास मध्यप्रदेश के नीमच की अफीम फैक्ट्री का भी अतिरिक्त चार्ज है. सूत्रों से एसीबी को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश और राजस्थान के भारत सरकार के नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दलालों के मार्फत अफीम की बढिया सांद्रता और मार्फीन प्रतिशत बताकर आरी के पट्टे दिलवाने की एवज में प्रति किसान 80 हजार रूपए के हिसाब से कमिशन और रिश्वत वसूल कर रहे हैं. इसी सूचना की तस्दीक पर कुछ सबूत मिलने पर यह कार्रवाई की गई. एसीबी एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपी के घर और सम्पत्ति की तलाश जारी है. आरोपी के पास स्कॉर्पियों गाड़ी जिस पर पुलिस लिखा था उसमें से मिठाई के डिब्बों में 15 लाख और आरोपी के पर्स से 1 लाख 32 हजार रूपए नकद मिले हैं. 

कोटा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ACB ठाकुर चन्द्रशील ने बताया कि शशांक यादव के खिलाफ शिकायत मिली थी. इसमें बताया गया था कि अफीम फैक्ट्री नीमच में लाइसेंसी काश्तकारों की अफीम भेजी जाती है. इससे पहले यहां अफीम सैम्पलों की जांच का काम चल रहा है. जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.