बिल पास करने की एवज में उप वन संरक्षक 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप


जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को सवाईमाधोपुर में राष्ट्रीय चंबल वन्य जीव अभ्यारण्य के उप वन संरक्षक (डीसीएफ) फुरकान अली खत्री (आरएफएस) को 3 लाख रुपए की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। परिवादी ने शिकायत दी कि विभिन्न विकास कार्यों के बकाया भुगतान में कमीशन की एवज में डीसीएफ फुरकान अली खत्री 3 लाख रुपए की घूस मांग रहा है। इस पर एसीबी की एसआईडब्ल्यू ईकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव नैन के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। शिकायत सही पाए जाने पर उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर फुरकान अली खत्री को परिवादी से 3 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस पूरी कार्रवाई को एसीबी के डीजी बीएल सोनी और एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में अंजाम दिया गया। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपी के सवाईमाधोपुर एवं कोटा स्थित आवास एवं अन्य ठिकानों की एसीबी टीमों द्वारा तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।