जयपुर. भ्रष्टाचारियों के खिलाफ राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की रिश्वतखोरों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक जारी है. इसी कड़ी में सोमवार को एसीबी की ताबड़तोड़ कार्रवाइयां हुईं. एसीबी डीजी बीएल सोनी के निर्देशन में पूरे राजस्थान में एसीबी की टीम ने अलग अलग जिलों में कार्रवाई की.

एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर अलवर इकाई द्वारा कार्यवाही करते हुये नगर विकास न्यास (यू.आई.टी.) अलवर के कनिष्ठ लिपिक मुकेश कुमार सहित दो संविदाकर्मीयों को परिवादी से 32 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों
गिरफ्तार किया गया. परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी कि उसके भूखण्ड का पट्टा जारी करने की एवज में नगर विकास न्यास (यू.आई.टी.) अलवर के कनिष्ठ लिपिक मुकेश कुमार व सहयोगी संविदाकर्मियों द्वारा 32 हजार रूपए की रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है. जिस पर एसीबी की अलवर इकाई के अति. पुलिस अधीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर मुकेश कुमार, संविदाकर्मी नरेन्द्र कुमार, कमलेश सैनी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.

दूसरी कार्रवाई में जयपुर दक्षित के कोटखावदा थाने के एसएचओ जगदीश प्रसाद तंवर को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. एसएचओ ने 2018 के अपहरण से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार नहीं करने और रियायत देने की एवज में यह रिश्वत ली थी.

तीसरी कार्रवाई में करौली के नादौती थाने में तैनात एएसआई निहाल सिंह चोरी के प्रकरण में मुलजिम नहीं बनाने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रेप किया गया. तीनों ही कार्रवाइयों एसीबी डीजी बीएल सोनी, एडीजी दिनेशन एमएन के निर्देशन में एसीबी की टीम ने अंजाम तक पहुंचाई.

एक अन्य बड़ी कार्रवाई में एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर कोटा इकाई बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियन्ता राजेन्द्र कुमार मीणा व ठेकेदार कन्हैयालाल को परिवादी से 20 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी होटल के पास से निकली हुई 11000 के.वी. लाईन को शिफ्ट करने की एवज में बिजली विभाग नमाना जिला बूंदी के कनिष्ठ अभियन्ता राजेन्द्र कुमार मीणा व ठेकेदार कन्हैयालाल द्वारा 30 हजार रूपए रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है. जिस पर एसीबी की कोटा इकाई के अति. पुलिस अधीक्षक ठाकुर चन्द्रशील कुमार के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया जाकर नरेश कुमार पुलिस निरीक्षक, अजीत बगडोलिया पुलिस निरीक्षक व टीम द्वारा आज ट्रैप की कार्यवाही करते हुये राजेन्द्र कुमार मीणा हाल कनिष्ठ अभियन्ता कार्यालय सहायक अभियन्ता नमाना जिला बूंदी तथा कन्हैयालाल पुत्र रामदयाल तैली निवासी रायता थाना सदर जिला बूंदी हाल ठेकेदार बिजली विभाग नमाना जिला बूंदी को परिवादी से 20 हजार रूपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. आरोपीयान द्वारा 10 हजार रूपये रिश्वत राशि दौराने सत्यापन परिवादी से पूर्व में प्राप्त की गई थी.