राजस्थान एसीबी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, एसीबी डीजी बीएल सोनी का कार्यकाल बना मिसाल


जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई पूरे देश में मिसाल बनी हुई है। सितम्बर, 2022 तक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान द्वारा अपने ही पिछले वर्ष के रिकार्ड को तोड़कर 392 प्रकरण पी0सी0 एक्ट के तहत पंजीबद्ध किये गये हैं, जिनमें 360 ट्रेप, 17 आय से अधिक संपत्ति के व 15 पद के दुरूपयोग के प्रकरण सम्मिलित हैं। वर्ष 2020 में इसी अवधि में 221 प्रकरण व वर्ष 2021 में 375 प्रकरण दर्ज किये गये थे, जिनमें 333 ट्रेप के प्रकरण सम्मिलित थे। वर्ष 2022 में ए.सी.बी. मुख्यालय द्वारा 508 प्रकरणों में अब तक निस्तारण आदेश पारित किये गये जबकि 2021 में इसी अवधि में 548 प्रकरणों में तथा 2020 में 179 प्रकरणों में निस्तारण आदेश जारी किये गये थे। न्यायालय में ए.सी.बी. द्वारा प्रस्तुत की गयी निस्तारण रिपोर्ट में भी इस वर्ष अब तक की अवधि में रिकार्ड स्थापित किया गया है।

इस वर्ष अब तक 450 प्रकरणों में ए0सी0बी0 के विशिष्ठ न्यायालयों में नतीजा पेश किया गया है, जिनमें 360 चालान व 90 एफ0आर0 सम्मिलित है। वर्ष 2020 में 177 प्रकरणों में तथा 2021 में 351 प्रकरणों में इसी अवधि में अंतिम नतीजा पेश गया था।

एसीबी महानिदेशक, भगवान लाल सोनी ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं व्हाट्स एप हैल्पलाईन नं. 9413502834 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। विदित रहे कि एसीबी राजस्थान राज्य में राज्य कर्मियों के साथ साथ केन्द्र सरकार के कार्मिकों के विरूद्ध भी कार्यवाही करने को अधिकृत है।