बांसवाड़ा में सरपंच पति, ग्राम विकास अधिकारी एवं दलाल 22 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


जयपुर. राजस्थान एसीबी ने भ्रष्ट्राचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है. एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर बांसवाड़ा इकाई ने शांतिलाल सरपंच पति ग्राम पंचायत शोभावटी, पं.सकुशलगढ़, ग्राम विकास अधिकारी ताराकुंवर व दलाल महिपाल प्रजापत (प्राईवेट व्यक्ति) को परिवादी से 22 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे ​हाथों गिरफ्तार किया.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की बांसवाड़ा इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा किये गये निर्माण कार्यों के बिलों के भुगतान की एवज में बतौर कमीशन शांतिलाल सरपंच पति ग्राम पंचायत शोभावटी, पं.स. कुशलगढ़, ग्राम विकास अधिकारी ताराकुंवर द्वारा अपने दलाल महिपाल प्रजापत (प्राईवेट व्यक्ति) के माध्यम से 1 लाख 96 हजार रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है।
जिस पर एसीबी की बांसवाड़ा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधोसिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुये दलाल महिपाल प्रजापत पुत्र वृद्धीचंद प्रजापत निवासी इन्द्रा काॅलोनी, कुशलगढ़, जिला बांसवाड़ा को परिवादी से 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। 

प्रकरण में हाल सरपंच पति शांतिलाल पुत्र नारजी कटारा निवासी शोभावटी, पुलिस थाना पाटन, जिला बांसवाड़ा व ताराकुंवर पत्नी भंवरसिंह डामोर को भी गिरफ्तार किया गया। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपियों के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।