राष्ट्रीय प्रोजेक्ट निर्माण निगम का मैनेजर 1 लाख रूपए की रिश्वत लेते एसीबी ने किया गिरफ्तार


जयपुर. राजस्थान एसीबी ने भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एक और बड़ा धमाका करते हुए जयपुर में राष्ट्रीय प्रोजेक्ट निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर अमृत लाल मीणा को 1 लाख रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों​ गिरफ्तार कर लिया.

ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर देहात इकाई द्वारा यह कार्रवाई की गई. एसीबी डीजी भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की जयपुर देहात इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा किए गये निर्माण कार्यों के बकाया बिल पास करने की एवज में अमृत लाल मीणा द्वारा कुल बिल राशि के 4.5 प्रतिशत कमीशन के रूप में 1 लाख रुपए की रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है. जिस पर एसीबी जयपुर देहात इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम लाल वर्मा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक मानवेन्द्र सिंह एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप की कार्यवाही करते हुए अमृत लाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया.

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों की एसीबी टीमों द्वारा तलाशी जारी है. एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा.