रेल्वे का मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक 40 हजार रूपये की रिश्वते लेते गिरफ्तार


जयपुर। राजस्थान एसीबी की टीम ने एक बडी कार्रवाई करते हुए विकास कुमार मीणा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, उत्तर पश्चिम रेल्वे मण्डल, सीकर को जयपुर में परिवादी से 40 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि आरोपी की बांदीकुई पोस्टिंग के दौरान किये गये कार्यों के बकाया बिलों को पास करने की एवज में विकास कुमार मीणा मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, उत्तर पश्चिम रेल्वे मण्डल, सीकर द्वारा 50 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के सुपरवीजन में एसीबी विशेष अनुसंधान इकाई, जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह शेखावत के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक रघुवीर शरण द्वारा मय टीम के जयपुर में ट्रेप कार्यवाही करते हुये विकास कुमार मीणा को परिवादी से 40 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते हुये गिरफ्तार किया गया है। एसीबी के महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ एवं आरोपी के आवास एवं ठिकानों पर तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।