जयपुर. राहुल गांधी के रिश्तेदार चोरी से परेशान हैं. आए दिन घर में हो रही चोरी से परेशान राहुल गांधी के जयपुर निवासी रिश्तेदार आखिरकार थाने पहुंचने को मजबूर हुए. और परिवार की तरफ से अशोक नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. यह सब तब हुआ है जब राहुल गांधी एक तरफ राजस्थान में दो दिवसीय दौरे पर हैं और दूसरी तरफ चोरी से परेशान उनके रिश्तेदार पुलिस से न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं. दरअसल कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सरोजनी मार्ग पर रहने वाले रिश्तेदार काटजू दम्पत्ति के आवास पर तीन दिन में दो बार चोरी हो गई है. बताया गया है कि बुजुर्ग नरेश काटजू और उनकी पत्नी ननि देवी काटजू 8 फरवरी की रात्रि में घर पर सो रहे थे. तभी देर रात चोर घर के बाहर लगा एसी का आउटर खोल ले गए. घर पर साफ सफाई का काम करने वाले महेश नगर स्थित जैतपुरी कॉलोनी निवासी रोशन भूरा ने बताया कि 9 फरवरी की सुबह चोरी की सूचना पर अशोक नगर थाना पुलिस आई. पर जानकारी लेकर चली गई, चोर नहीं पकड़ा गया. इसके बावजूद 10 फरवरी की रात्रि को चोर काटजू दम्पत्ति के आवास फिर पहुंचे और पीछे वाले कमरे के लोहे की जंजीर पर लगा ताला तोड़कर कमरे में रखी रेक, कुर्सी और अन्य सामान चुरा ले गए. पीडि़त दम्पत्ति बुजुर्ग हैं और उनका इकलौता बेटा विदेश में है. इसलिए रोशन ने अशोक नगर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है. काटजू दम्पत्ति इंदिरा गांधी की मौसी के बेटे-बहू हैं. गौर करने वाली बात है कि राहुल गांधी जब भी जयपुर आते हैं, तब इस परिवार से मिलने इनके घर पहुंचते हैं. और काटजू दंपति से आशीर्वाद जरूर लेते हैं. बहरहाल पुलिस गर्म जोशी से चोर को ढूंढने में लग गई है देखना होगा सफलता कब मिलती है.