राहुल गांधी का आज से राजस्थान में दो दिवसीय दौरा


जयपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज से दो दिन के राजस्थान (Rajasthan) दौरे पर रहेंगे, जहां उनका कई स्थानों पर किसानों के साथ संवाद होगा, सभाएं संबोधित करेंगे और राजस्थान कांग्रेस के नेताओं से मुलाक़ात करेंगे. कांग्रेस के मुताबिक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (All India Congress Committee) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 12 फरवरी को हनुमानगढ़ (Hanumangarh) जिले के पीलीबंगा कस्बे में सुबह 11:30 बजे और श्री गंगानगर (Ganganagar) जिले के पदमपुर कस्बे में दोपहर बाद 3:00 बजे किसान सभाओं को संबोधित करेंगे. जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई आला कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे. 2 दिन में 5 किसान सम्मेलन में शामिल होंगे.

13 फरवरी को किशनगढ़ (Kishangarh) पहुंचेंगे और वह सुरसुरा में लोक देवता तेजाजी महाराज मंदिर के दर्शन करेंगे तथा किसानों के साथ संवाद करेंगे. इसके बाद वह अजमेर (Ajmer) जिले के रूपनगढ़ में किसानों के साथ संवाद करेंगे. नागौर में गोपाल गौशाला मकराना में किसान सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है. इससे पहले राहुल गांधी के दौरे एवं सभाओं की तैयारियों के सिलसिले में पार्टी के राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने गुरुवार को स्थानीय नेताओं के साथ पीलीबंगा व पदमपुर में होने वाली किसान सभाओं की तैयारियों की समीक्षा की.