नवजोत सिंह सिद्धू बने पंजाब कांग्रेस के नए कैप्टन, 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त


नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में एक बड़ा बदलाव करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस का नया कैप्टन घोषित कर दिया गया है। कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को नवजोत सिंह सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। सुनील जाखड़ की जगह सिद्धू को अध्यक्ष बनाया गया है।

आदेश के अनुसार सोनिया गांधी ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। यह जिम्मेदारी संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा को दी गई है। इसके साथ ही नागरा को अब सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा के एआईसीसी अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।