टोक्यो ओलंपिक में नहीं हंगरी में विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में प्रिया मलिक ने जीता है गोल्ड मेडल, सोशल मीडिया पर गफलत हुई ट्रेंड


हरियाणा। चौधरी भरत सिंह मेमोरियल खेल स्कूल निडानी की खिलाड़ी प्रिया ने हंगरी के बूडापेस्ट में चल रही विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल पर जीत लिया है। 73 किलो भार वर्ग की होनहार खिलाड़ी प्रिया देश की उभरती युवा पहलवान है। उनकी जीत पर बधाइयों का दौर भी तेज हो गया है। प्रिया के कोच ने कहा कि अंशु मलिक के बाद अगले ओलिपिक में प्रिया भी देश का प्रतिनिधित्व करेगी। संस्था के संरक्षक प्रदेश के पूर्व डीजीपी डा. महेंद्र सिंह मलिक ने प्रिया को बधाई दी। उधर प्रिया को कई बड़ी हस्तियों ने बधाई दी लेकिन एक गफलत भी देखने को मिली जहां उन्हें पहले टोक्यो ओलंपिक में जीत की बधाई मिलने लगी, सोशल मीडिया और व्हाट्स एप ग्रुप्स में प्रिया ट्रेंड भी करने लगी। बाद में इस गफलत को सुधारा गया।