प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का निधन


अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा (100) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में तड़के 3:30 बजे अंतिम सांस ली। मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

प्रधानमंत्री मोदी सुबह 7:45 बजे अहमदाबाद पहुंचे। यहां से वे सीधे गांधीनगर के रायसण गांव में भाई पंकज मोदी के घर गए। यहीं उनकी मां की पार्थिव देह रखी गई है। हीराबा की अंतिम यात्रा थोड़ी देर में शुरू होगी और सेक्टर-30 स्थित श्मशान घाट पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार सुबह 10.30 बजे होगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को बीमार हीराबा को देखने अहमदाबाद पहुंचे थे। वे करीब एक घंटे 20 मिनट अस्पताल में रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत करके मां की तबीयत और इलाज के बारे में जानकारी ली थी। अस्पताल में उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के कुछ अन्य मंत्री भी मौजूद थे।