कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मां हीरा बा का अंतिम संस्कार करने के 2 घंटे बाद अहमदाबाद से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बंगाल में आयोजित कार्यक्रम में जुड़े। उन्होंने हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में शामिल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोदी की मां के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह दिन आपके लिए तकलीफ भरा है। आपकी मां यानी हमारी भी मां। ईश्वर आपको शक्ति दें कि आप अपना काम जारी रख सकें। मेरा अनुरोध है कि आप कुछ समय आराम भी करें। ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल के सभी लोगों की तरफ से मैं आपको धन्यवाद देना चाहूंगी कि आपने वंदे भारत ट्रेन यहां लॉन्च की।
इस अवसर पर मोदी ने कहा कि बंगाल की पुण्य धरती को नमन। निजी कारणों से आपके बीच नहीं आ पाया। इसके लिए क्षमा मांगता हूं। रेलवे और मेट्रो के साथ कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन हुआ है। वंदे भारत ट्रेन के लिए आप सबको बधाई। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद में मां को मुखाग्नि दी थी।
7,800 करोड़ रुपए से ज्यादा के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स की शुरुआत
मोदी ने बंगाल में शुक्रवार को 7,800 करोड़ रुपए से ज्यादा के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की। इनमें कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन के जोका-तारातला फेज का उद्घाटन और राज्य के चार रेल प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। मोदी ने बंगाल में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट की शुरुआत की। यहां 334.72 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। यह काम 2025 तक पूरा किया जाना है। प्रधानमंत्री ने 990 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत सात सीवरेज बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन प्रोजेक्ट्स से पश्चिम बंगाल में 200 एमएलडी से ज्यादा की सीवेज ट्रीटमेंट कैपेसिटी को बढ़ाएगी। इसके साथ ही 1585 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत विकसित किए जाने वाली 5 सीवरेज प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी गई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी-राष्ट्रीय जल और स्वच्छता संस्थान का उद्घाटन हुआ, जिसे लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से कोलकाता के डायमंड हार्बर रोड के जोका में विकसित किया गया है।