नई दिल्ली। प्रधानमंत्री के 12 जुलाई को प्रस्तावित देवघर और पटना दौरे को लेकर केन्द्र सरकार के अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। 12 जुलाई को दोपहर करीब 1.15 बजे प्रधानमंत्री देवघर में 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। उसके बाद दोपहर लगभग 2.40 बजे वह 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा वैद्यनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। शाम को लगभग 6 बजे प्रधानमंत्री पटना में बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास, संपर्क (कनेक्टिविटी) में सुधार और आसान जीवनशैली को बढ़ावा देने में खासा फायदा होगा।
प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री देवघर हवाई अड्डे का शुभारंभ करेंगे, इससे बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए सीधा हवाई संपर्क उपलब्ध होगा। प्रधानमंत्री एम्स, देवघर में रोगी विभाग और ऑपरेशन थिएटर संबंधी सेवाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर एनएच-2 के गोरहर से बरवाड़ा खंड को छह लेन का बनाना, राजगंज-चास से एनएच-32 की पश्चिम बंगाल सीमा तक चौड़ीकरण आदि परियोजनाओं का शुभारंभ होगा। इसके अलावा, जिन परियोजनाओं का शिलान्यास होने जा रहा है उनमें एनएच-80 के मिर्जाचौकी-फरक्का खंड को चार लेन का बनाना, एनएच-98 के हरिहरगंज से परवा मोड खंड को चार लेन का बनाना, एनएच-23 के पालमा से गुमला खंड को चार लेन का बनाना, एनएच-75 के कुचेरी चौक से पिस्का मोड खंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर आदि शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में संपर्क को और प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही आम जनता के लिए आवाजाही आसान हो जाएगी।
प्रधानमंत्री क्षेत्र में लगभग 3,000 करोड़ रुपये की विभिन्न एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास भी करेंगे।