देश कर रहा है पूर्व पीएम स्व. राजीव गांधी को नमन्, जानिए उनके जीवन से जुड़ी 10 बड़ी बातें


नई दिल्ली. राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर पूरे देश में आयोजन हो रहे हैं। पूरा देश एक ऐसे देशभक्त और दूरदर्शी व्यक्ति को याद कर रहा है जिनकी दूरदर्शी नीतियों ने भारत के निर्माण में मदद की। 40 की उम्र में देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने राजीव गांधी आज भी युवाओं के लिए किसी बड़ी प्रेरणा से कम नहीं हैं राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 में मुंबई में हुआ। जब भारत को अंग्रेजी शासन की गुलामी से आजादी मिली तो उनकी उम्र महज तीन साल थी। देश आज़ाद हुआ और राजीव गांधी के नाना यानी जवाहर लाल नेहरू आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। राजीव गांधी के पिता का नाम फिरोज गांधी और माता का नाम इंदिरा गांधी था। उनका बचपन दिल्ली के तीन मुर्ति भवन में बीता।

राजीव गांधी के जीवन से जुड़ी दस बड़ी बातें-

1- राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ। भारत की स्वतंत्रता के समय वह मात्र 3 वर्ष के थे, तब उनके नाना जवाहरलाल नेहरु भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने थे।

2- ऐसा कहा जाता है कि उनका राजीव नाम इसलिए रखा गया क्योंकि जवाहरलाल नेहरु की पत्नी का नाम कमला था जिसका अर्थ फूल होता है और राजीव का मतलब कमल होता है, जो एक फूल का ही नाम है। कमला की याद को ताजा बनाए रखने के लिए नेहरु ने राजीव नाम रखा।

3- राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। वह मात्र 40 वर्ष की आयु में भारत के प्रधानमंत्री बने। वह भारत के सातवें प्रधानमंत्री थे। राजीव गांधी संजय गांधी की मौत के बाद उनकी लोकसभा सीट से पहली बार सांसद बने। इसके बाद 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद वे प्रधानमंत्री बने। 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे. इस दौरान उन्होंने देश में कई ऐतिहासिक और परिवर्तन वाले कदम उठाए.

4- 1966 में राजीव लंदन से अध्ययन कर भारत लौटे तो उनकी दिलचस्पी राजनीति से अधिक संगीत में थी विशेषकर पश्चिमी और भारतीय शास्त्रीय संगीत में। उन्हें फोटोग्राफी का भी खासा शौक था।

5- लंदन में अध्ययन के दौरान राजीव गांधी की मुलाकात अडविगे एन्टोनियो अलबिना मायनो से हुई और 1968 में राजीव गांधी ने नई दिल्ली में उनसे विवाह किया। विवाह के बाद राजीव की पत्नी को सोनिया गांधी के नाम से जाना गया।

6- राजीव गांधी ने एक पायलट के तौर पर एयर इंडिया को ज्वाइन किया और 1981 में राजनीति में सक्रिय होने तक वे एयर इंडिया के लिए काम करते रहे।

7- राजीव गांधी का राजनीति में आना पूर्व नियोजित न होकर आकस्मिक था। 1980 में उनके भाई संजय गांधी का विमान दुर्घटना में निधन हो गया। संजय राजनीति में खासे सक्रिय थे। लिहाजा भाई की मृत्यु के बाद राजीव राजनीति में आए और 1981 में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए।

8- राजीव गांधी एक आधुनिक सोच के व्यक्ति थे। उन्होंने देश को तकनीकी तौर पर विकसित करने के लिए खासे प्रयास किए। संचार व्यवस्था को आधुनिक बनाया और देश में संचार क्रांति की शुरुआत की। कम्प्यूटर का सही मायने में कामकाज का हिस्सा बनना इनके प्रधानमंत्री काल में ही संभव हो सका। MTNL की स्थापना भी 1986 में हुई। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने का काम भी राजीव गांधी ने किया

9- राजीव गांधी के प्रधानमंत्री रहते ही नई शिक्षा नीति (1986) को घोषित किया गया। इसी दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय की श्रृंखला स्थापित की गई ताकि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके।

10- 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी कार्यक्रम में भयंकर बम आत्मघाती विस्फोट में उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी मृत्यु के बाद देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से उन्हें सम्मानित किया गया।