जयपुर। पुलिस ने यहां कोरोना महामारी के बीच ब्लैक में Remdesiver इंजेक्शन बेचते 6 युवकों को गिरफ्तार किया है। यह लोग 4 हजार की कीमत वाले इंजेक्शन को 5 गुना तक अधिक दामों में बेच रहे थे। बताया जा रहा है इनमें एक BJP नेता का रिश्तेदार भी है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की CIU टीम ने यह बड़ी कार्रवाई मुरलीपुरा थाना इलाके में की है। पुलिस ने FSL जांच के लिए इंजेक्शन भेज दिए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी क्राइम दिंगत आनंद ने बताया कि रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी को रोकने के लिए गठित सीएसटी टीम जयपुर में करीब 48 स्थानों पर बोगस ग्राहक बनकर पहुंची। मुरलीपुरा में समर्थ मेडिकल स्टोर पर पुलिस ने दो इंजेक्शन मांगे, तो दुकानदार जयप्रकाश वर्मा ने शॉर्टेज बताते हुए ब्लैक में 15 हजार रुपए प्रति इंजेक्शन की कीमत बताई। जिसके बाद दुकान पर आरोपी दलवीर सिंह दो इंजेक्शन लेकर पहुंचा तो पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दलवीर ने पूछताछ में बताया कि वह विकास मित्तल से इंजेक्शन लाया है। विकास मित्तल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने यह इंजेक्शन बसंत जागीड़ से लिया। बसंत जागीड़ से पूछताछ की तो उसने विक्रम गुर्जर और शंकर माली से इंजेक्शन लेना बताया। जिसके बाद सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी विक्रम और शंकर ने गुड़गांव से 725 इंजेक्शन खरीदे थे और काफी इंजेक्शन बेच दिए। अब पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इंजेक्शन असली थे भी या नहीं? इसके लिए FSL को यह सारे इंजेक्शन जांच के लिए भेज दिए गए हैं।