नई दिल्ली। प्रधानमंत्री 27 जुलाई को सुबह करीब 11:15 बजे राजस्थान के सीकर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे गुजरात के राजकोट पहुंचेंगे, जहां दोपहर करीब 3:15 बजे प्रधानमंत्री राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद, करीब 4:15 बजे प्रधानमंत्री राजकोट के रेसकोर्स ग्राउंड में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 28 जुलाई को सुबह करीब 10:30 बजे गांधीनगर के महात्मा मंदिर में सेमीकॉनइंडिया 2023 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री, सीकर में किसानों को लाभ पहुंचाने वाले एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, प्रधानमंत्री 1 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्र (पीएमकेएसके) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। किसानों की सभी जरूरतों के लिए एक ही स्थान पर सभी समाधान की सुविधा प्रदान करने के लिए पीएमकेएसके विकसित किए जा रहे हैं। कृषि-आदानों (उर्वरक, बीज, उपकरण) की जानकारी से लेकर मिट्टी, बीज और उर्वरकों की परीक्षण सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी तक, देश में किसानों के लिए पीएमकेएसके को एक विश्वसनीय सहायता प्रणाली बनने की परिकल्पना की गई है। ये केंद्र, ब्लॉक/जिला स्तर की दुकानों पर उर्वरक खुदरा विक्रेताओं के नियमित क्षमता निर्माण को भी सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री यूरिया गोल्ड लॉन्च करेंगे – यह यूरिया की एक नई किस्म है, जो सल्फर से लेपित होगी। सल्फर लेपित यूरिया की शुरूआत से मिट्टी में सल्फर की कमी की समस्या का समाधान होगा। यह नवोन्मेषी उर्वरक, नीम-लेपित यूरिया की तुलना में अधिक किफायती और प्रभावी है, पौधों में नाइट्रोजन उपयोग की दक्षता में सुधार करता है, उर्वरक की खपत कम करता है और फसल की गुणवत्ता बढ़ाता है। कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री डिजिटल वाणिज्य के ओपन नेटवर्क (ओएनडीसी) पर पर 1500 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को शामिल किये जाने का शुभारंभ करेंगे। ओएनडीसी डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन भुगतान, व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) और व्यवसाय-से-उपभोक्ता लेनदेन तक सीधी पहुंच के साथ एफपीओ को सशक्त बनाता है और ग्रामीण क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स के विकास को बढ़ावा देते हुए स्थानीय मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करता है।