पीएम मोदी ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, वैक्सीनेशन के दूसरे फेज का आगाज


नई दिल्ली.भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ले ली है. इसके लिए पीएम मोदी खुद सुबह नई दिल्ली स्थित एम्स पहुंचे. जहां कोरोना वैक्सीन लगवाया. वैक्सीन लगवाने के बाद पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते हुए ट्वीट किया और लिखा कि'मैंने एम्स में कोरोना वैक्सीन की मेरी पहली खुराक ली, यह प्रशंसनीय है कि कैसे हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए त्वरित समय में काम किया है, मैं उन सभी से अपील करता हूं, जो वैक्सीन लेने के लिए योग्य हैं, साथ में, हम भारत को कोरोना मुक्त बनाए.'

बता दें कि देशभर में वैक्सीनेशन के दूसरे फेज का आगाज 1 मार्च से हो गया है. इसमें 60 साल से ज्यादा उम्र के लोग या फिर अलग-अलग बीमारियों से जूझ रहे 45 साल से ज्यादा उम्र के लोग कोरोना का टीका लगवा सकेंगे. सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी इसके इंतजाम किए गए हैं. केंद्र सरकार ने निजी अस्पतालों में वैक्सीन के एक डोज के लिए 250 रुपये कीमत तय की है, जिसमें 150 रुपये टीके और 100 सर्विस चार्ज के होंगे. सरकारी अस्पतालों में यह टीका मुफ्त में ही दिया जाएगा.