PM मोदी ने जैसलमेर में सेना के साथ मनाई दिवाली, कहा- किसी ने आजमाने की कोशिश की तो प्रचंड जवाब मिलेगा


जैसलमेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली के मौके पर एक बार फिर भारतीय सेना के जवानों के बीच पहुंचे और जवानों का हौसला बढ़ाया. हर साल की तरह इस बार भी सैनिकों के बीच दिवाली मनाई और जैसलमेर बॉर्डर पर पहुंचे. यहां उन्होंने जवानों के साथ दिवाली मनाई. दुश्मन देशों पर करारा प्रहार भी किया. और तो और पीएम मोदी टैंक पर भी सवार हुए.

लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विस्तारवादी ताकतों को जमकर आड़े हाथों लिया. पीएम ने कहा कि विस्तारवाद 18वीं शताब्दी की सोच है, इस सोच में मानसिक विकृति है. इससे पूरी दुनिया परेशान है. PM ने  चीन और पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि भारत यूं तो समझने और समझाने में यकीन रखता है, लेकिन अगर किसी ने भारत को आजमाने की कोशिश की तो प्रचंड जवाब मिलेगा. 

भारत-पाकिस्तान के बीच अभूतपूर्व युद्ध का गवाह रहे और भारतीय सैनिकों के अदम्य शौर्य का प्रतीक लोंगेवाला बॉर्डर पर सैनिकों को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि ये देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है. प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान सैन्य क्षेत्र में भारी सुरक्षा बंदोबस्त रहे.