नई दिल्ली. भारत देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार भी लगातार इससे निपटने और इसका मुकाबला करने में दिन-रात जुटी हुई है. लेकिन इस बीच केंद्र और राज्य की भूमिका क्या हो? किस तरह से लोगों में कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूकता लाई जाए? कैसे वैक्सीन को लेकर राज्य तैयार रहें? और किस तरह की समस्याओं को राज्यों का सामना करना पड़ रहा है? इन सब बातों को लेकर विचार विमर्श और मंथन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश के आठ सबसे अधिक कोरोना प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की.
पीएम मोदी ने इस दौरान कोरोना वैक्सीन पर देश के प्लान की भी बात कही. ताकि जब वैक्सीन आए तो समय पर कोरोना वारियर्स और आम जनता तक पहुंच सके. पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि दुनिया की हर वैक्सीन पर सरकार की नजर है, लेकिन अभी भी हमें सतर्कता बरतने पर ध्यान देना होगा.
पीएम मोदी ने राज्यों से वैक्सीन वितरण पर प्लान देने की बात कही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में कुल आठ राज्यों केरल, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ शामिल हुए.