नई दिल्ली. भारत में कोरोना के खात्मे की शुरुआत 16 जनवरी से वैक्सीनेशन के आगाज के साथ ही होने जा रही है. जब दुनिया का सबसे बड़ा कोरोना वैक्सीनेशन (Corona Vaccination) अभियान शुरू होगा.
राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वर्चुअल मीटिंग करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने नेताओं को साफ नसीहत भी दी. बैठक में पीएम मोदी ने टीकाकरण अभियान को लेकर नेताओं को खास हिदायत देते हुए कहा कि अपनी बारी आने पर ही कोरोना का टीका लगवाएं. इस दौरान नियमों का उल्लंघन ना करें.
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस टीकाकरण अभियान में सबसे पहले 3 करोड़ स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी. इसके बाद पुलिसकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और जवानों को टीका लगाया जाएगा. वहीँ दूसरी चरण में उन लोगों को टीका लगेगा जिनकी उम्र 50 वर्ष से ज्यादा है या कोरोना का खतरा सबसे ज्यादा है। मीटिंग के दौरान पीएम मोदी ने अफवाहों से बचने की भी सलाह दी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना वैक्सीन से जुड़े अफ़वाहों पर लगाम लगाने की ज़िम्मेदारी राज्यों की होगी. ताकि बेवजह की अफवाहों पर रोक लग सके. प्रधानमंत्री ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें पब्लिक अवेयरनेस करनी है. पहले चरण में 3 करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी. वर्कर्स के वैक्सीन का खर्चा केंद्र उठाएगा.