राजस्थान में कोरोना मरीजों को राहत, कन्वलसेंट प्लाज्मा की कीमत 16 हजार से घटाकर 10 हजार की गई


जयपुर. राजस्थान सरकार ने गंभीर रूप से कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए काम आने वाली कन्वलसेंट प्लाज्मा (200ml.) की कीमत 16 हजार से घटाकर 10 हजार करने के निर्देश दिए हैं.

चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव अखिल अरोड़ा ने बताया कि प्रदेश के निजी अस्पतालों में कोविड-19 के उपचार के लिए प्लाज्मा थैरपी (200ml.) की अधिकतम दर 16 हजार 500 रुपए निर्धारित की गई थी. उन्होंने कहा कि दर में आंशिक संशोधन करते हुए एक यूनिट कन्वलसेंट प्लाज्मा (200ml.) की दर 10 हजार रुपए निर्धारित की गई है.

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने बताया कि यह दरें कम किए जाने के बाद में प्लाज्मा की जरूरत वाले कोरोना मरीजों को राहत मिलेगी. समय पर और बेहतर इलाज मिल पाएगा. चिकित्सा मंत्री ने कोरोना संक्रमण को मात दे चुके लोगों से ज्यादा से ज्यादा प्लाज्मा डोनेशन की भी अपील करी है.

बता दें कि पंजाब, दिल्ली व कर्नाटक की तर्ज पर राजस्थान में भी प्लाज्मा नि शुल्क देने की मांग लगातार हो रही थी। प्लाज्मा डोनर को इंसेंटिव भी देने की मांग की जा रही थी।

इसको लेकर राजस्थान कांग्रेस के नेता पंडित सुरेश मिश्रा ने हाल में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक पत्र भी लिखा था ताकि इस पर कोई जल्द निर्णय लेकर आम आदमी को और कोरोना संक्रमित को राहत दी जा सके। हालांकि पंडित सुरेश मिश्रा ने दरें कम किए जाने का स्वागत किया है लेकिन उन्होंने कहा है कि यह निशुल्क रहेगा तो और बेहतर होगा। संकट की इस घड़ी में प्लाज्मा देने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए इंसेंटिव देने की मांग भी उन्होंने की।