आगरा। चीन से दो दिन पहले आगरा लौटा 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिसके बाद वह अपने घर पर आइसोलेशन में है। उसके नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण श्रीवास्तव ने रविवार को यह जानकारी दी।
श्रीवास्तव ने कहा कि यह व्यक्ति अपने घर पर आइसोलेशन में है और स्वास्थ्य विभाग की टीम से उसके परिवार के सदस्यों और उसके संपर्क में आए लोगों की जांच करने को कहा गया है। यह व्यक्ति 23 दिसंबर को दिल्ली के रास्ते चीन से आगरा लौटा था, जिसके बाद एक निजी लैब में उसने जांच कराई थी। श्रीवास्तव ने कहा कि व्यक्ति की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने कहा कि 25 नवंबर के बाद जिले में कोरोना वायरस संक्रमण का यह मामला सामने आया है।
चीन सहित कुछ देशों में कोविड के मामलों में वृद्धि के बीच, केंद्र ने संक्रमण रोधी उपायों को तेज कर दिया है। केंद्र ने कहा था कि चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य की जाएगी और राज्यों से 27 दिसंबर को एक ‘मॉक ड्रिल' करने को कहा था, ताकि चिकित्सकीय ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्रों सहित स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी सुनिश्चित की जा सके।