जयपुर। राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा कुछ ही दिन पहले ही लॉन्च की गई NRI Sky Park योजना का विरोध तेज हो गया है। योजना में 3 अलग-अलग साइज में 168 मल्टीस्टोरी फ्लैट्स बनाए जाएंगे। इनकी कीमत 1.23 करोड़ रुपए से 2.60 करोड़ रुपए रखी गई है। कुम्भा मार्ग सेक्टर 24 में बनाई जा रही ये स्कीम एनआरआई कॉलोनी लगती 16235 वर्गमीटर जमीन पर बनाया जाना प्रस्तावित है।
लेकिन अब राजस्थान आवासन मण्डल के इस बहुमंजिला आवासीय लग्जरी प्रोजेक्ट एनआरआई स्काई पार्क का विवाद गहराता जा रहा है। राज आंगन कॉलोनी के लोग इसके विरोध में उतर आए है। राज आंगन सोसायटी (एनआरआई कॉलोनी) के पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि एनआरआई स्काई पार्क प्रोजेक्ट जहां प्रस्तावित है, वह जमीन एनआरआई कॉलोनिवासियों की सुविधा के लिए आरक्षित है। सोसायटी ने इससे जुड़े कई और दस्तावेज एकत्रित किए हैं। सोसायटी के अध्यक्ष शशि भार्गव और सचिव संजय हरपावत ने कहा है कि इस मामले में आवासन मण्डल अफसरों ने उच्चाधिकारी और मंत्री तक को गुमराह किया है। इसलिए जल्द ही नगरीय विकास मंत्री और मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे। जरूरत हुई तो कानूनी प्रक्रिया भी अपनाएंगे। सोसायटी ने आरोप लगाया है कि मण्डल जो बहुमंजिला आवासीय प्रोजेक्ट बना रहा है, उनके फ्लैटधारकों को एनआरआई कॉलोनी के क्लब हाउस में सदस्यता देना भी प्लान कर रहा है।
सोसायटी ने इस प्रोजेक्ट को एनआरआई कॉलोनी की सुविधा क्षेत्र (फेसेलिटी एरिया) की जमीन पर बताते हुए इसे लेकर रियल एस्टेट रेगुलेटरी ऑथोरिटी (रेरा) में आपत्ति भी दर्ज करवाई है।
हाउसिंग बोर्ड का तर्क
उधर हाउसिंग बोर्ड ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए बताया कि राजस्थान आवासन मंडल द्वारा प्रताप नगर, जयपुर के सेक्टर-24 में बहुमंजिला आवासीय एनआरआई स्काई पार्क योजना पूरी तरह मण्डल के स्वामित्व की विक्रय योग्य भूमि पर लाई जा रही है। अपनी इस भूमि पर मण्डल यह योजना लाने के लिये पूरी तरह सक्षम एवं स्वतंत्र है। अतः इस संबंध में किसी भी माध्यम से की जा रही आपत्ति निराधार एवं अनुचित है।
उप आवासन आयुक्त वृत्त प्रथम, के. सी. ढाका ने बताया कि राज आंगन स्कीम (एनआरआई कॉलोनी) के लिये राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई हुई हैं। उन्होंने बताया कि राज आंगन स्कीम में रह रहे लोगों का इस भूमि पर कोई विद्यमान हक नहीं है।
एनआरआई स्काई पार्क योजना में जो फ्लैट्स बनेंगे वे राज आंगन स्कीम से पृथक होंगे। साथ ही, इन फ्लैट्स में जो लोग रहेंगे उन्हें राज आंगन स्कीम पर कोई दखल रखने अथवा वहां अनाधिकृत प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। एनआरआई स्काई पार्क योजना में प्रवेश का रास्ता कुम्भा मार्ग से ही रहेगा। मण्डल ने स्ववित्त पोषित एनआरआई स्काई पार्क आवासीय योजना को रेरा में भी पंजीकृत करवाया हुआ है और दिनांक 10 जून से 11 जुलाई, 2022 तक आवेदन की प्रक्रिया जारी है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा राज आंगन स्कीम में सड़क, स्ट्रीट लाइट, सेन्ट्रल पार्क, चिल्ड्रन पार्क, क्लब, पीएचइडी कैम्पस, बीसलपुर से पेयजल आपूर्ति, सेन्ट्रल पार्क के लिये एसटीपी से पानी, रोजमर्रा की जरूरतों के लिये छोटी दुकानें, कचरा संग्रहण स्थल, सोसायटी कार्यालय, स्कूल, सांस्थानिक उपयोग के लिये भूमि समेत सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।