गुडगांव. फोर्टिस अस्पताल (गुडगांव) में क्या जिंदगी बचाने वाले ही दरिंदे बन गए और 21 साल की लडकी की अस्मत लूट ली? पुलिस इस सवाल की जांच में जुटी है और महिला आयोग ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं.
लडकी के आरोपों के मुताबिक 2 से 27 अक्टूबर के बीच उससे रेप हुआ. पीड़िता जब होश में आई तो 28 अक्टूबर को उसने अपने पिता को आपबीती सुनाई और कहा कि कोई विकास नामक लडका आरोपी है. शिकायत करने के बाद पुलिस एक्टिव हो चुकी है और पुलिस को शक है कि अस्पताल के कर्मचारी ही वारदात में शामिल हो सकते हैं. हालांकि पूरे घटनाक्रम में CCTV फुटेज के आधार पर 2 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ हो रही है.
बताया गया है कि सांस लेने में तकलीफ के बाद 21 अक्टूबर को पीडिता को उसके परिजनों ने गुड़गांव के सेक्टर-44 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया था. जिसके बाद उसकी हालत बिगड गई और 22 अक्टूबर को उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया. इसी दौरान अस्पताल में उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर किसी ने ज्यादती की.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस कमिश्नर को चिट्ठी लिखकर इस पूरे मामले की जल्द और सख्त जांच करने को कहा है.
उधर देश के सबसे महंगे अस्पतालों में से एक फोर्टिस अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की हरकत बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जा सकती है और शिकायत आने के बाद हमने पुलिस को सूचना दे दी थी. अस्पताल प्रशासन पुलिस की जांच में पूरी तरह जांच में सहयोग कर रहा है.