पाकिस्तान में लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश, 97 की मौत


कराची. पाकिस्तान की व्यापारिक राजधानी कराची शहर में एक यात्री विमान क्रैश हो गया. ये विमान पाकिस्तान की राष्ट्रीय एयरलाइन कंपनी PIA का था जो कि कराची एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाला था कि ठीक उससे पहले रिहायशी इलाके में यह विमान जा गिरा.

यह दुघर्टना इतनी भयावह रही कि दूर तक हवा में उडता काला धुआं देखा गया, विमान राख में तब्दील हो चुका है. विमान हादसे में 97 लोगों की मौत हुई हैं,  98 लोग सवार थे.

हाल में कोरोना के कारण लॉकडाउन हटाने के बाद फिर से हवाई सेवा को शुरू किया गया था. फ्लाइट A-320 98 यात्रियों को लेकर जा रही थी. विमान लाहौर से कराची जा रहा था और मालिर में मॉडल कॉलोनी के पास जिन्ना गार्डन इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे का वीडियों भी तेजी से पाकिस्तान में वायरल हो रहा है. जिसमें दुर्घटनास्थल से धुएं के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं.

मौके पर हादसे के वक्त भगदड़, अफरातफरी और दहशत का माहौल देखा गया. पाकिस्तानी पुलिस, पाकिस्तानी सेना की क्विक रिएक्शन फोर्स, पाकिस्तान रेंजर्स, एंबुलेंस दल, राहत और वचाव टीम के साथ एयरपोर्ट के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है कि विमान के रनवे पर उतरने से एक मिनट पहले उसका संपर्क टूट गया था, और उसके बाद इस दुर्घटना की सूचना मिली.

बताया जा रहा है कि 100 यात्रियों में से 85 इकॉनोमी और 6 बिजनस क्लास में सफर कर रहे थे.  7 क्रू मेम्बर भी इसमें सवार थे. विमान दुर्घटना के कारण कराची के सभी बड़े अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया है. हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

इधर भारत के PM नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करी है. 

उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान में एक विमान दुर्घटना की वजह से हुए जानमाल के नुकसान से गहरा दुख हुआ. मृतकों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं.'

पाकिस्तान में सात दिसंबर 2016 के बाद यह पहला बड़ा विमान हादसा है जब चित्राल से इस्लामाबाद आ रहा एक पीआईए एटीआर-42 विमान बीच में ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में विमान में सवार सभी 48 लोगों की मौत हो गई थी.