नए साल पर ओमिक्रोन ब्लास्ट, राजस्थान में एक ही दिन में 52 नए केस आए सामने


जयपुर. राजस्थान में ओमिक्रोन वायरस ने अपने पांव पसार लिए हैं. नए साल के पहले दिन राज्य में कुल 52 ओमिक्रोन के नए मामले सामने आए. इनमें सबसे ज्यादा 38 केस जयपुर में मिले. प्रतापगढ़, सिरोही, बीकानेर में 3-3, जोधपुर में 2 केस सामने आए. वहीं अजमेर, सीकर एवं भीलवाड़ा में 1-1 नए रोगी मिले. 

उक्त सभी व्यक्तियों की संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा कान्टेक्ट ट्रेसिंग करते हुए ओमिक्रोन पाॅजिटिव केसेस को डेडिकेटेट ओमिक्रोन वार्ड में आईसोलेट किया जा रहा है।

उपरोक्त 52 व्यक्तियों में से 9 विदेश यात्रा से लौटे हैं, 4 व्यक्ति विदेशी यात्रियों के कान्टेक्ट हैं, 12 व्यक्तियों ने अन्य राज्यों से यात्रा की है। 2 पूर्व में पाये गये ओमिक्रोन के कान्टेक्ट हैं।

अब तक राजस्थान में वर्तमान में आज 121 व्यक्ति ओमिक्रोन पाॅजिटिव पाये गये है। पूर्व में पाये गये 69 ओमिक्रोन व्यक्तियों में से 61 रिकवर हो चुके हैं।