पटना: दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पार्सल ब्लास्ट केस के मुख्य मास्टर माइंड सलीम को एनआईए ने यूपी के शामली से गिरफ्तार कर लिया है. एनआईए के लिए इसे बड़ी कामयाबी कहा जा सकता है. बता दें कि दरभंगा रेलवे स्टेशन पर हुए पार्सल ब्लास्ट का 'पाकिस्तानी कनेक्शन' सामने आने के बाद एनआईए हर पहलू की गहराई से जांच कर रही थी जिसमें सामने आया था कि लश्कर के आतंकियों ने भारत मे गड़बड़ी फैलाने के लिए इकबाल काना से संपर्क किया था. फिलहाल पाकिस्तान में रह रहा ISI हैंडलर इकबाल काना शामली का मूल निवासी था.
साज़िश के तहत इकबाल ने शामली के सलीम को पैसे भेजे थे. पाकिस्तान से हवाला के जरिये सलीम को 1 लाख 60 हजार रुपये मिले थे. जिसके बाद सलीम ने कैराना के रहने वाले हैदराबाद में कपड़े का कारोबार करने वाले नासिर और इमरान को इस काम लिए तैयार किया. धमाके करने के बाद करोड़ों रुपये मिलने की बात हुई थी. पाकिस्तान से ISI के हैंडलर ने मोबाइल से हैदराबाद में मौजूद इमरान को लिक्विड बम बनाने का वीडियो भेजा था. उस वीडियो को देखकर बम बनाया गया था. और इसी पूरे मामले में एनआईए ने यह पूरी कार्रवाई की.